अहमदाबाद विमान हादसा : करिश्माई ढंग से बचे रमेश विश्वास बोले- ‘जब होश आया, चारों ओर थे सिर्फ शव और मलबा’

अहमदाबाद में हुए विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान में आग लग गई, जिससे चारों ओर धुएं और लपटों का भयावह मंजर फैल गया। इस भयावह हादसे के बीच चमत्कारिक रूप से बचे पैसेंजर रमेश विश्वास कुमार ने अब पहली बार अपनी आपबीती साझा की है।
सीट नंबर 11A पर बैठे रमेश विश्वास ने बताया, “जब मेरी आंख खुली तो चारों ओर सिर्फ शव और विमान के टूटे हुए हिस्से बिखरे हुए थे। मैं घबरा गया। किसी तरह उठकर भागने लगा, तभी किसी ने मुझे पकड़ा और एम्बुलेंस में डालकर अस्पताल ले गया।”
रमेश ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद एक जबरदस्त विस्फोट हुआ, जिससे विमान में आग लग गई और हर तरफ लपटें फैल गईं। “मुझे अब भी यकीन नहीं होता कि मैं जिंदा हूं। ये किसी करिश्मे से कम नहीं है,” उन्होंने भावुक स्वर में कहा।
इस हादसे के बाद रमेश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे विमान से बाहर निकलकर सड़क पर डगमगाते कदमों से चलते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो लाखों लोगों के लिए उम्मीद की किरण बन गया है।
विमान हादसे की जांच तेज़ी से जारी है, और प्रशासन इस त्रासदी के कारणों का पता लगाने में जुटा है।












