खेल

दिल्ली कैपिटल्स में चामिंडा वास की एंट्री, बने तेज गेंदबाजी कोच; गांगुली और युवराज के साथ मिलकर दिलाएंगे पहली IPL ट्रॉफी!

Advertisement

श्रीलंका के दिग्गज गेंदबाज के नाम टेस्ट में 355 और वनडे में 400 विकेट, नीलामी से पहले टीम की रणनीति बनाने में निभाएंगे अहम भूमिका

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पहली खिताबी जीत की तलाश कर रही दिल्ली कैपिटल्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में श्रीलंका के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज चामिंडा वास को शामिल किया है। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को वीडियो जारी कर उन्हें तेज गेंदबाजी कोच बनाए जाने की जानकारी दी। इससे पहले सौरव गांगुली को कोचिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जबकि युवराज सिंह बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभाएंगे।

नीलामी से पहले टीम की रणनीति पर नजर

चामिंडा वास के जुड़ने से दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ को अनुभव और मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब टीम की नजरें आगामी नीलामी की तैयारियों पर होंगी, जहां कोचिंग स्टाफ जरूरत के मुताबिक खिलाड़ियों को चुनने की रणनीति तैयार करेगा।

फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर वास का स्वागत करते हुए लिखा, “एक और लेजेंड्री सीवी। हमारे तेज गेंदबाजी कोच चामिंडा वास का दिल्ली में स्वागत है।”

टेस्ट और वनडे में शानदार रिकॉर्ड

चामिंडा वास को श्रीलंका के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में गिना जाता है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 355 और वनडे में 400 विकेट हासिल किए हैं। उनकी तकनीकी समझ और गेंदबाजी का अनुभव दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

वास से पहले भारत के पूर्व तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

श्रीलंका और आयरलैंड की टीमों के साथ कर चुके हैं काम

चामिंडा वास के पास अंतरराष्ट्रीय कोचिंग का भी अनुभव है। वह अलग-अलग कार्यकाल में श्रीलंका की पुरुष टीम के तेज गेंदबाजी कोच रह चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने 2016 टी20 विश्व कप के दौरान आयरलैंड की टीम के गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी भी निभाई थी। उनका कोचिंग करियर न्यूजीलैंड टीम के साथ शुरू हुआ था।

IPL में खिताब जीतने का अनुभव

चामिंडा वास IPL में भी खेल चुके हैं। उन्होंने 2008 से 2010 के बीच डेक्कन चार्जर्स का प्रतिनिधित्व किया था। इस दौरान उन्होंने 13 मैचों में 18 विकेट लिए। डेक्कन चार्जर्स ने 2009 में IPL का खिताब जीता था।

अब दिल्ली कैपिटल्स को उम्मीद होगी कि सौरव गांगुली, युवराज सिंह और चामिंडा वास जैसे अनुभवी क्रिकेट दिग्गजों का मार्गदर्शन टीम को पहली IPL ट्रॉफी जीतने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करेगा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button