जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सुनी नागरिकों की समस्याएं

जनऔषधि केंद्र, स्कूल में शिक्षक व्यवस्था और मुआवजे समेत कई मामलों पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
रायगढ़। जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। लोगों ने विभिन्न विषयों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गेरवानी में जनऔषधि केंद्र खोलने की मांग
ग्राम गेरवानी निवासी दुखनाशन भोय ने क्षेत्र में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र शुरू करने की अनुमति देने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि गेरवानी औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां बड़ी संख्या में श्रमिक परिवार रहते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए महंगी दवाइयां खरीदना मुश्किल होता है। ऐसे में गांव में जनऔषधि केंद्र खुलने से लोगों को कम कीमत पर दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी। कलेक्टर ने आवेदन पर सीएमएचओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिक्षक की अनुपस्थिति से पढ़ाई प्रभावित, कार्रवाई के निर्देश
तमनार विकासखंड के प्राथमिक शाला ढेगुरचुआं की शाला विकास समिति के अध्यक्ष ने विद्यालय में शिक्षक व्यवस्था सुधारने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि स्कूल में दो शिक्षक पदस्थ हैं, लेकिन एक शिक्षिका के बिना सूचना अनुपस्थित रहने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कौहाकुंडा में कथित अवैध निर्माण की शिकायत
रायगढ़ की सिंधी कॉलोनी निवासी दौलतराम उर्फ दयाराम ने कौहाकुंडा क्षेत्र में कथित अवैध निर्माण को लेकर शिकायत प्रस्तुत की। आवेदन में बिना आवश्यक अनुमति निर्माण किए जाने और हाउसिंग बोर्ड की भूमि पर कब्जे का आरोप लगाते हुए जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई।
बारिश में मकान ढहने पर आर्थिक सहायता की मांग
पुसौर तहसील के ग्राम सूरजगढ़ निवासी ओमप्रकाश निषाद ने अगस्त माह में हुई बारिश के दौरान मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मकान गिरने से घरेलू सामान और अनाज भी नष्ट हो गया। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की।
भरण-पोषण सहायता के लिए महिला ने दिया आवेदन
श्रीमती सुलोचना महंत ने अपने तथा बच्चों के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। आवेदन में उन्होंने बताया कि उनके पति शासकीय सेवा में हैं और बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर चुके हैं। कलेक्टर ने प्रकरण को संबंधित एसडीएम के समक्ष भेजते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अन्य नागरिकों ने भी रखीं मांगें और शिकायतें
जनदर्शन के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अन्य नागरिकों ने भी अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने और लोगों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।






