महिला तस्कर के खुलासे से गांजा सप्लायर तक पहुंची जीआरपी, ओडिशा से आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर 6.290 किलो गांजा के साथ पकड़ी गई थी महिला, पूछताछ में सामने आया था सप्लायर का नाम
रायगढ़। रेलवे क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए रायगढ़ जीआरपी द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत करीब दो माह पहले गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार महिला से पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने गांजा सप्लाई करने वाले आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है।
स्टेशन पर महिला के कब्जे से मिला था 6.290 किलो गांजा
जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जीआरपी टीम ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की थी। इस दौरान शेख शकीला बी पति सलाम शेख, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम भगवती, पोस्ट कडोली, तहसील सेनगांव, थाना सेनगांव, जिला हिंगोली (महाराष्ट्र) को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान महिला के बैग से छह पैकेट में कुल 6.290 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ था। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई। मामले में जीआरपी ने आरोपी महिला के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की थी।
पूछताछ में ओडिशा के सप्लायर का खुलासा
पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने उक्त गांजा ओडिशा निवासी मुन्ना नामक व्यक्ति से करीब 50 हजार रुपये में खरीदा था। महिला से मिली इस जानकारी के बाद जीआरपी ने सप्लायर तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची टीम
जीआरपी ने मामले की कड़ी जोड़ते हुए तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से कथित सप्लायर की पहचान की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान प्रकाश अग्रवाल उर्फ मुन्ना, पिता रामनाथ अग्रवाल, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम कनिका, थाना हिमगिर, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा के रूप में हुई।
इसके बाद जीआरपी टीम ने आरोपी के निवास स्थान पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को गांजा तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






