अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम से महिलाओं की झूमाझटकी, ट्रेनी एसआई से अभद्रता; 4 गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ विवाद और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस दौरान महिला ट्रेनी एसआई के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभालते हुए शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में तीन महिलाओं सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़उमरिया का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गढ़उमरिया निवासी पितांबर उर्फ फुंदु लहरे (24) कथित तौर पर अवैध रूप से देसी शराब बनाकर बेच रहा है। सूचना के आधार पर ट्रेनी एसआई दिव्या बंजारे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। टीम में एएसआई नरसिंहनाथ यादव, आरक्षक सुशील यादव, तरुण महिलाने, संजय एक्का और शांति मिरी शामिल थे।
थैला लेकर भाग रहा था युवक, तलाशी में मिली शराब
पुलिस टीम ने संदिग्ध के घर के पास घेराबंदी की। इसी दौरान एक व्यक्ति थैला लेकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पितांबर लहरे बताया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से बड़ी मात्रा में देसी शराब बरामद की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम से विवाद
शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं ने पुलिस टीम के साथ विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान महिला ट्रेनी एसआई दिव्या बंजारे के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मौके पर विवाद शांत कराया।






