डिजिटल टोकन में मोटे मुनाफे का लालच देकर 11.60 लाख की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

खेत बेचकर युवक ने किया था निवेश, न मुनाफा मिला और न ही मूल रकम; चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपियों को भेजा जेल
रायगढ़। डिजिटल टोकन में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक युवक से 11 लाख 60 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुनाफे की उम्मीद में युवक ने अपना खेत तक बेच दिया, लेकिन निवेश की गई रकम वापस नहीं मिली। मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कसेरपारा निवासी विक्रम परिडा (26) मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है। वह वर्ष 2024 से रायगढ़ में रह रहा था। इसी दौरान उसकी पहचान गजुला मोहन से हुई, जो चक्रधरनगर क्षेत्र की एक फास्ट फूड दुकान में कुक का काम करता था।
शिकायत के मुताबिक, गजुला मोहन ने विक्रम को यूनिटी मेटा टोकन और बीड क्वाइन जैसे डिजिटल टोकन में निवेश करने की सलाह दी। उसने खुद इन टोकन में निवेश कर लाभ कमाने की बात कहते हुए विक्रम को भी अधिक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। उसकी बातों में आकर विक्रम ने अपना खेत बेच दिया और 25 जुलाई 2024 से 3 सितंबर 2024 के बीच कुल 11 लाख 60 हजार रुपये निवेश कर दिए।
हालांकि, निवेश के बाद विक्रम को न तो वादा किया गया मुनाफा मिला और न ही उसकी मूल रकम वापस की गई। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की। मामले में कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।






