संबलपुरी में सरकारी जमीन पर पेड़ों की कटाई का मामला, बालाजी बिल्डकान के भागीदार समेत पांच को नोटिस

तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के बाद एसडीएम ने मांगा जवाब, जमीन के हस्तांतरण और पेड़ों की कटाई से जुड़े तथ्यों पर देनी होगी जानकारी
रायगढ़। जिले के संबलपुरी क्षेत्र में सरकारी जमीन पर पेड़ों की कथित अवैध कटाई का मामला सामने आया है। मामले की जांच तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर की और अपनी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने बालाजी बिल्डकान के एक भागीदार समेत पांच लोगों को नोटिस जारी कर जमीन के हस्तांतरण और पेड़ों की कटाई के संबंध में जवाब मांगा है।
जानकारी के अनुसार, एसडीएम कार्यालय से जारी नोटिस में मंगल सिंह (पिता भूजबल), पार्वती देवी (पत्नी जयनारायण बडालिया), लेखा लाठ (पत्नी प्रद्युम कुमार लाठ) और प्रद्युम कुमार (पिता रघुवीर प्रसाद) से मामले से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। नोटिस में नायब तहसीलदार की जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुए जमीन की स्थिति और उसके हस्तांतरण से संबंधित जानकारी प्रस्तुत करने को कहा गया है।
सरकारी रिकॉर्ड में छोटे-बड़े झाड़ के जंगल के रूप में दर्ज जमीन
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राम संबलपुरी स्थित खसरा नंबर 251 की जमीन राजस्व रिकॉर्ड में छोटे-बड़े झाड़ के जंगल के रूप में दर्ज है। इसका कुल रकबा 8.79 एकड़ बताया गया है। इसी जमीन के एक हिस्से खसरा नंबर 251/2 का रकबा 2.023 हेक्टेयर दर्ज है।
राजस्व अभिलेखों के अनुसार, राजस्व प्रकरण क्रमांक 57-अ-19-1981-82 में 8 फरवरी 1982 को आदेश जारी कर इस जमीन का पट्टा मंगल सिंह (पिता भूजबल) के नाम पर दिया गया था। अब जमीन के हस्तांतरण और वहां पेड़ों की कटाई से जुड़े तथ्यों को लेकर संबंधित लोगों से जवाब मांगा गया है।
जांच के बाद आगे की कार्रवाई पर नजर
तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के आधार पर जारी नोटिस के बाद अब संबंधित पक्षों के जवाब और प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल, नोटिस जारी होने से मामले ने प्रशासनिक स्तर पर तूल पकड़ लिया है। संबंधित पक्षों का जवाब और प्रशासन की आगामी कार्रवाई इस मामले में महत्वपूर्ण होगी।






