रायगढ़: बोरो रानी मंदिर के पास सड़क पर उतरा 49 हाथियों का दल, एक घंटे तक थमे रहे वाहनों के पहिए

शावकों समेत सड़क पार कर उदउदा बीट की ओर बढ़ा झुंड, दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतार
रायगढ़। जिले में जंगली हाथियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों और वन विभाग की मुश्किलें बनी हुई हैं। भोजन और पानी की तलाश में हाथियों के दल अक्सर रिहायशी इलाकों और सड़कों के करीब पहुंच जाते हैं। इसी क्रम में बुधवार शाम धरमजयगढ़ वन मंडल के बोरो रानी मंदिर के पास 49 हाथियों का विशाल दल सड़क पर आ गया। हाथियों के झुंड को सड़क पार करते देख सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5:30 बजे हाथियों का यह दल बोरो रानी मंदिर के समीप सड़क पार कर उदउदा बीट की ओर बढ़ रहा था। झुंड में कई शावक भी शामिल थे। हाथियों की बड़ी संख्या और उनकी सुरक्षित आवाजाही को देखते हुए वाहन चालकों को सड़क के दोनों ओर रुकना पड़ा। इस दौरान यात्रियों को हाथियों के सड़क पार करने तक इंतजार करना पड़ा।
शावकों समेत सड़क पार करता रहा हाथियों का झुंड
सड़क पर हाथियों की मौजूदगी के कारण काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। झुंड में शावकों की मौजूदगी को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती गई। मौके पर वन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे, जो हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।
हाथियों के शांतिपूर्वक सड़क पार कर जंगल की ओर बढ़ने के बाद ही मार्ग पर यातायात बहाल हो सका। इसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हुई।
हाथियों की आवाजाही से बनी रहती है चुनौती
धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में जंगली हाथियों की मौजूदगी वन विभाग के लिए लगातार चुनौती बनी हुई है। हाथियों के झुंड के सड़क या आबादी के नजदीक पहुंचने पर जनसुरक्षा और वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना जरूरी हो जाता है।






