शोरूम के यार्ड से चार एक्टिवा चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

चाबी लगी स्कूटियों को देखकर बनाई चोरी की योजना, बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी
रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से चार एक्टिवा चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चारों स्कूटियां बरामद कर ली हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।
14 से 17 अगस्त के बीच हुई थी चार स्कूटियों की चोरी
पुलिस के अनुसार मि_ुमुड़ा स्थित शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से 14 से 17 अगस्त के बीच अलग-अलग दिनों में चार एक्टिवा चोरी हो गई थीं। शोरूम से स्कूटियां गायब मिलने के बाद गजानंद पटेल, उम्र 32 वर्ष, ने 20 अगस्त को जूटमिल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मि_ुमुड़ा गांधी नगर निवासी मार्शल यादव (26) और भजनडीपा निवासी सुनील सारथी (34) चोरी की स्कूटी लेकर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में दोनों ने शारदा होंडा के यार्ड में घुसकर एक्टिवा चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की चारों स्कूटियां बरामद कर लीं।
आदतन बदमाश है मार्शल यादव
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मार्शल यादव आदतन बदमाश है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी यार्ड में नई स्कूटियों की कतार देखकर चोरी की योजना बनाने लगे थे। कई वाहनों में चाबी लगी होने का फायदा उठाते हुए दोनों ने अलग-अलग दिनों में चार एक्टिवा पार कर दीं।
नगर निगम कॉलोनी में छिपाकर रखी थीं स्कूटियां
चोरी के बाद आरोपियों ने वाहनों को सुनील सारथी के घर के नीचे नगर निगम कॉलोनी में छिपाकर रखा था। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी चोरी की स्कूटियां बेचने के लिए ग्राहक की तलाश भी कर रहे थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






