रायगढ़

Highway Safety : छातामुड़ा चौक पर हाइवे सेफ्टी टास्क फोर्स की सख्ती, 24 भारी वाहनों पर कार्रवाई

Advertisement

रायगढ़। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में हाइवे सेफ्टी टास्क फोर्स ने छातामुड़ा चौक सहित प्रमुख मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

सड़क पर ट्रक खड़ा करने पर अपराध दर्ज

अपर कलेक्टर अपूर्व टोप्पो, डीएसपी यातायात उत्तम प्रताप सिंह, जिला परिवहन अधिकारी गौरव साहू और अनुविभागीय अधिकारी एनएच महेश गुप्ता के नेतृत्व में संयुक्त कार्रवाई की गई। सार्वजनिक मार्ग पर भारी वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित करने के मामले में एक ट्रक मालिक के खिलाफ थाना जूटमिल में भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

24 भारी वाहनों पर चालानी कार्रवाई

अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा कर यातायात प्रभावित करने वाले 24 भारी वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इन वाहनों से कुल 49 हजार 300 रुपये का जुर्माना मौके पर ही वसूला गया।

नालियों पर कब्जा कर लगाए गए ठेले हटाए

हाइवे किनारे नालियों के ऊपर अवैध रूप से कब्जा कर लगाए गए दो ठेलों को भी मौके से हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य पैदल यात्रियों और वाहन चालकों के लिए सड़क किनारे आवागमन को सुगम बनाना है।

वाहन मालिक संघ को सख्त निर्देश

कार्रवाई के दौरान वाहन मालिक संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि एफसीआई से लेकर छातामुड़ा चौक तक सड़क के दोनों ओर ट्रक खड़े नहीं किए जाएं। अधिकारियों ने कहा कि सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ती है।

गैरेज संचालकों को अंतिम चेतावनी

सड़क किनारे संचालित गैरेज संचालकों को भी अंतिम चेतावनी दी गई है। उन्हें सार्वजनिक सड़क पर भारी वाहन खड़ा कर मरम्मत का काम नहीं करने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य सार्वजनिक मार्गों पर अनधिकृत पार्किंग, अतिक्रमण तथा यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ हाइवे सेफ्टी टास्क फोर्स का अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने वाहन मालिकों, गैरेज संचालकों और आम नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button