उज्जैन-बदनावर फोरलेन पर भीषण हादसा: ट्रॉले ने ईको वैन को मारी टक्कर, 6 युवकों की मौत

उज्जैन/बदनावर। मध्यप्रदेश के उज्जैन-बदनावर फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास रविवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्रॉले ने गुजरात पासिंग मारुति ईको वैन क्रमांक GJ-17 CA-6134 को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
महाकाल दर्शन के बाद लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार ईको वैन में सवार युवक उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद वडोदरा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पंचकवासा के पास सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे ट्रॉला क्रमांक GJ-39 DB-9248 ने उनकी वैन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन के परखच्चे उड़ गए।
ग्राइंडर से काटकर निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शव अंदर फंस गए थे। इनमें से दो शवों को निकालने के लिए वैन के हिस्से को ग्राइंडर से काटना पड़ा।
ट्रॉले में लदा था लोहे का सामान, चालक फरार
पुलिस के अनुसार ट्रॉले में लोहे का सामान लदा हुआ था। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम प्रियंका मिमरोद भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने ट्रॉले को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतकों के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनके परिजनों से संपर्क कर हादसे की सूचना दी। सभी शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। परिजनों द्वारा शिनाख्त के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।








