जशपुर में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, कार से 60 किलो गांजा बरामद

ऑपरेशन आघात के तहत बागबहार पुलिस की कार्रवाई, करीब 40 लाख रुपये का माल जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागबहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन आघात के अंतर्गत पुलिस ने गांधी चौक के पास घेराबंदी कर एक वैन्यू कार से करीब 60 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त किया है। गांजा और कार की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की सूचना पर नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार 31 अगस्त की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच तकनीकी टीम और मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक वैन्यू कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर उत्तर प्रदेश की तरफ जा रहा है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई गई, जिसके बाद बागबहार पुलिस ने संभावित मार्गों पर निगरानी और नाकाबंदी शुरू कर दी।
गांधी चौक पर पकड़ी गई संदिग्ध कार
इसी दौरान गांधी चौक बागबहार के पास पुलिस टीम को संदिग्ध वैन्यू कार दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम विकास चौधरी (27) बताया। वह मूल रूप से समस्तीपुर, बिहार का निवासी है और वर्तमान में गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में रह रहा है।
गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से प्लास्टिक टेप में पैक किए गए 60 पैकेट मिले। जांच करने पर इन पैकेटों में करीब 60 किलो गांजा पाया गया।
डिलीवरी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जाने की बात पुलिस को बताई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ उसे किस व्यक्ति ने उपलब्ध कराया था और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत का 60 किलो गांजा और लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की वैन्यू कार जब्त की है। इस तरह कुल जब्ती करीब 40 लाख रुपये की बताई गई है। बागबहार थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(C) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है।
नशे के नेटवर्क पर लगातार नजर
जशपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने कहा कि मुखबिर तंत्र और तकनीकी संसाधनों की सहायता से जिले में मादक पदार्थों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। मामले की पूरी कड़ी की जांच की जा रही है और नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।






