रायपुर में 1.13 करोड़ की ठगी का बड़ा खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपी पुणे से गिरफ्तार

खंडाला के रिसॉर्ट में पुलिस की दबिश, 4 करोड़ से ज्यादा कैश और ठगी में इस्तेमाल सामग्री बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर में 1.13 करोड़ रुपये की ठगी के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने देशभर में सक्रिय एक बड़े अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के पुणे स्थित खंडाला के एक रिसॉर्ट में दबिश देकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रिसॉर्ट में चल रहा था ठगी का नेटवर्क
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 4 करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद की गई। इसके अलावा 17 मोबाइल फोन, नोट के आकार के काले कागज, कांच की प्लेटें और ठगी की वारदात में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री एवं दस्तावेज भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
देशभर में सक्रिय गिरोह का खुलासा
पुलिस के अनुसार, रायपुर में सामने आए 1.13 करोड़ रुपये की ठगी के मामले की जांच के दौरान आरोपियों और उनके नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस टीम ने महाराष्ट्र तक कार्रवाई को आगे बढ़ाया और खंडाला स्थित रिसॉर्ट में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ठगी के तरीके और नेटवर्क की जांच जारी
बरामद सामग्री से पुलिस को गिरोह द्वारा ठगी की वारदातों में अपनाए जाने वाले तरीके के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, देश के अलग-अलग हिस्सों में की गई ठगी और बरामद रकम के स्रोत की जानकारी जुटा रही है।






