छत्तीसगढ़

शिक्षा और सामाजिक एकता से ही समाज का होगा समग्र विकास: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Advertisement

रायपुर, 22 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का मूल मंत्र है। समाज की प्रगति उसकी भावी पीढ़ी को मिलने वाली शिक्षा, संस्कार और अवसरों पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिले, यह सभी की साझा जिम्मेदारी है।

कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण
मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज विकास समिति के प्रदेश अध्यक्ष सहित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सामाजिक सेवा और अपने दायित्वों के निष्ठापूर्वक निर्वहन की शपथ दिलाई।

शिक्षा, संस्कार और सेवा को आगे बढ़ाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि कंवर समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। संत गहिरा गुरु सहित समाज के पुरोधाओं ने शिक्षा, संस्कार, सेवा और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाया है। नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज को इसी दिशा में मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज द्वारा सौंपा गया दायित्व समाज को आगे बढ़ाने का अवसर है। सभी पदाधिकारी निष्ठा, समर्पण और सामूहिक भावना के साथ सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए कार्य करें।

निर्विरोध निर्वाचन को बताया एकता का प्रमाण
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कंवर समाज के पदाधिकारियों का निर्वाचन निर्विरोध और सर्वसम्मति से होना समाज की एकता और संगठन की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि समाज की यही एकजुटता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक मजबूत बनाकर पहुंचाना होगा।

उन्होंने कहा कि पहले कंवर समाज अलग-अलग इकाइयों में बंटा हुआ था, लेकिन वरिष्ठजनों और समाज के पुरोधाओं के प्रयासों से सभी को एक सूत्र में जोड़ा गया। मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र से आए कंवर समाज के प्रतिनिधियों और सगा-बंधुओं का भी छत्तीसगढ़ में स्वागत किया।

शिक्षा से खुलते हैं आगे बढ़ने के रास्ते
मुख्यमंत्री ने समाज के प्रबुद्धजनों से शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल सरकारी नौकरी हासिल करना नहीं है। अच्छी शिक्षा व्यक्ति को उद्यमी, व्यापारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, उद्योगपति और जिम्मेदार नागरिक बनने में भी मदद करती है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बच्चों और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में 17 प्रयास विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने सक्षम और प्रबुद्ध लोगों से जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की अपील की।

मोदी की गारंटी से विकास को मिली गति
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को तेजी से पूरा करने का प्रयास किया है। सरकार गठन के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई। उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है।

सामाजिक सहभागिता से मजबूत होगा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयासों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। शिक्षा, संस्कार, सेवा और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हुए ही प्रदेश की भावी पीढ़ी को बेहतर अवसर दिए जा सकते हैं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button