Raipur: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को आएंगे छत्तीसगढ़, एम्स के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर 2026 को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। वे राजधानी रायपुर स्थित एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने बुधवार को मंत्रालय में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार होंगी तैयारियां
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के दौरे की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। एयरपोर्ट से एम्स तक आने-जाने के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और एंट्री-एग्जिट प्लान को बेहतर तरीके से तैयार करने के निर्देश दिए गए।
एयरपोर्ट और एम्स में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन और एम्स में रिसेप्शन सहित प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।
चिकित्सा और विद्युत व्यवस्था पर भी विशेष जोर
मुख्य सचिव ने उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गृह विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से शुरू होगा समारोह
एम्स के दीक्षांत समारोह में बैठने की व्यवस्था भारत सरकार के प्रोटोकॉल और निर्धारित डायस प्लान के अनुसार की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से होगी। एम्स प्रबंधन को भी दीक्षांत समारोह से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, कलेक्टर, आईजी रायपुर और एम्स सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






