Toxic Pre-Release Event : यश की स्पीच के बीच गिरा साउंड सेटअप, 2 छात्र घायल; मची अफरा-तफरी

हैदराबाद। अभिनेता यश की अपकमिंग फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है। फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में हैदराबाद की मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में प्री-रिलीज इवेंट आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अचानक एक हादसा हो गया, जिसमें दो छात्र घायल हो गए। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
साउंड बॉक्स का सेटअप गिरने से हादसा
बताया गया कि इवेंट के दौरान साउंड बॉक्स के सेटअप को सपोर्ट देने वाला खंभा गिर गया। जानकारी के मुताबिक, खंभे पर कुछ लोग चढ़ गए थे, जिसके बाद संतुलन बिगड़ने से पूरा सेटअप नीचे आ गिरा। हादसे में वहां मौजूद दो छात्र घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के तुरंत बाद दोनों घायल छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हलचल बढ़ गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे।
यश ने बीच में रोकी स्पीच
हादसा उस वक्त हुआ जब यश कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए उन्होंने अपनी स्पीच बीच में रोक दी। यश ने मंच से ही दर्शकों से उनका हालचाल पूछा और स्थिति का जायजा लेने की कोशिश की।
फैंस में दिखी चिंता
अचानक हुए हादसे से कार्यक्रम में मौजूद फैंस और छात्रों में चिंता का माहौल बन गया। वहीं, घायलों को अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद कार्यक्रम से जुड़े लोगों ने राहत की कोशिश की। फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है।






