कानपुर में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, दो पायलटों की मौत

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। उड़ान भर रहा एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर जा गिरा। हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गुजरात निवासी इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी के रूप में हुई है।
तेज धमाके के बाद जमीन पर गिरा विमान
जानकारी के अनुसार, विमान ने गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरी थी। करीब 20 मिनट बाद वापसी के दौरान गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास विमान अचानक हादसे का शिकार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान में जोरदार धमाका हुआ और इसके बाद वह अनियंत्रित होकर जमीन पर जा गिरा।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
विमान के जमीन पर गिरते ही तेज आवाज हुई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग डरकर अपने घरों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर विमान का मलबा बिखरा मिला और आसपास धुआं नजर आया।
बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ एयरक्राफ्ट
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान ट्विन इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था और उसमें दो पायलट सवार थे। हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों और वीडियो में विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है। घटनास्थल पर एक व्यक्ति गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा हुआ भी नजर आया।
हादसे की जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल हादसे को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।






