Uncategorised

Jashpur News : विद्यार्थी विज्ञान मंथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7 विद्यार्थियों का कलेक्टर ने किया सम्मान

Advertisement

कलेक्टर रोहित व्यास बोले— रटकर नहीं, प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान सीखें विद्यार्थी, विज्ञान भारती के प्रयासों की सराहना

जशपुरनगर। विद्यार्थी विज्ञान मंथन (VVM) के राज्य स्तरीय कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 7 विद्यार्थियों का शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्मान किया गया। कलेक्टर रोहित व्यास ने सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विज्ञान और गणित में बेहतर प्रदर्शन कर रहे जिले के विद्यार्थी

कलेक्टर रोहित व्यास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जशपुर जिले के विद्यार्थी विज्ञान और गणित विषयों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए विज्ञान के क्षेत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। विद्यार्थियों को रटकर पढ़ाई करने के बजाय प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान को समझने और विषयों की अवधारणात्मक स्पष्टता विकसित करने पर जोर देना चाहिए।

स्कूलों की प्रयोगशालाओं का करें बेहतर उपयोग

कलेक्टर ने कहा कि शासकीय विद्यालयों की प्रयोगशालाएं आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित हैं। विद्यार्थियों को इन संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए वैज्ञानिक सोच विकसित करनी चाहिए। उन्होंने विज्ञान भारती द्वारा विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति प्रेरित करने के प्रयासों की सराहना करते हुए संस्था का आभार भी व्यक्त किया।

प्रदेश के टॉप-25 में चयनित हुए जशपुर के विद्यार्थी

विज्ञान भारती के प्रांतीय महासचिव डॉ. वारा प्रसाद कोला ने बताया कि पिछले वर्ष जशपुर जिले के 4 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने विद्यार्थी विज्ञान मंथन परीक्षा में भाग लिया था। इस वर्ष भी अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

सम्मानित विद्यार्थियों में अर्पित शर्मा (सेजेस कुनकुरी), रोहन साहू (सेजेस कोतबा), मोनिका बाई एवं सोनिका बाई (शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला ढोढीडांड), निशा कुजूर (सेजेस पतराटोली) तथा आयुषी पन्ना शामिल हैं। इन विद्यार्थियों का चयन नवंबर 2025 में आयोजित लेवल-1 और लेवल-2 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पूरे प्रदेश के टॉप-25 विद्यार्थियों में हुआ था।

अधिकारी और अभिभावक भी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा, विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राज्य समन्वयक गौरव वर्मा, जिला समन्वयक विवेक पाठक, एडीपीओ विनय सिन्हा, अवनीश पांडेय, टुमनू गोसाई, शिक्षिका मीनाक्षी श्रीवास्तव, जेन सेलेस्टिन तिर्की सहित विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button