Advertisement
Advertisement
Advertisement
कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भादा के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए दो ग्रामीणों पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में रिटायर पंचायत सचिव बृजपाल तंवर और धनसिंह धनुहार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों ग्रामीण सोमवार तड़के सुबह वनोपज संग्रहण के लिए भादा के जंगल गए थे। इन दिनों जंगलों में तेंदूपत्ता, महुआ और चार की भरपूर पैदावार है, जिसे तोड़ने बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल जा रहे हैं। इसी दौरान झाड़ियों में मौजूद भालू ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के पास नर और मादा भालू अपने शावकों के साथ थे। शावकों की सुरक्षा को लेकर सतर्क भालू ने हलचल होते ही आक्रामक होकर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में बृजपाल तंवर और धनसिंह के चेहरे, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे जख्म आए हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास तेंदूपत्ता तोड़ रहे अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालू को भगाया। इसके बाद घायलों को तत्काल पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
Advertisement