Uncategorised

Raigarh Railway Station : सौंदर्यीकरण कार्य के बीच रेलवे परिसर से पुराना मस्जिद हटाया गया, सड़क निर्माण का रास्ता साफ

Advertisement

पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की मौजूदगी में तड़के हुई कार्रवाई, तीन साल से चल रही परियोजना को मिलेगी गति

रायगढ़। Raigarh Railway Station परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य के तहत सड़क निर्माण में बाधा बने एक पुराने मस्जिद को बुधवार तड़के रेलवे प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा के बीच हटा दिया। कार्रवाई के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस बल बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि इससे स्टेशन परिसर में सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों को गति मिलेगी।

तीन साल से चल रही है स्टेशन के आधुनिकीकरण की परियोजना

रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर पिछले तीन वर्षों से व्यापक सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण का कार्य जारी है। परियोजना के तहत यात्री सुविधाओं के विस्तार, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और नई सड़क के निर्माण का कार्य किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन परिसर में स्थित पुराना मस्जिद प्रस्तावित सड़क निर्माण में बाधा बन रहा था।

पहले जारी किए गए थे कई नोटिस

रेलवे प्रशासन के अनुसार संबंधित पक्षों को पहले कई बार नोटिस जारी कर सार्वजनिक हित में संरचना को स्वेच्छा से हटाने का आग्रह किया गया था। निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद संरचना नहीं हटने पर प्रशासन ने बुधवार तड़के कार्रवाई करते हुए उसे हटा दिया। कार्रवाई के बाद मलबा भी तत्काल हटाया गया, जिससे निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।

सुबह लोगों को मिली कार्रवाई की जानकारी

बुधवार सुबह जब मस्जिद से जुड़े लोग और आसपास दुकान लगाने वाले पहुंचे तो उन्हें कार्रवाई की जानकारी मिली। घटना के बाद क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। कुछ लोगों ने कार्रवाई पर नाराजगी जताई, जबकि कई स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे स्टेशन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और विकास कार्यों में सुविधा होगी।

अब पेड़ को लेकर भी चर्चा

कार्रवाई के बाद स्टेशन परिसर में मौजूद एक पेड़ को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठाया जा रहा है कि यदि सड़क निर्माण के दौरान उस पेड़ के संबंध में उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो भविष्य में वहां फिर से धार्मिक गतिविधियां शुरू होने की संभावना बन सकती है। हालांकि, इस संबंध में रेलवे प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button