छत्तीसगढ़

धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 480 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, कीमत 2.60 करोड़ रुपये

Advertisement

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है। अर्जुनी थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में करीब 480 किलो गांजा के साथ 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर श्याम तराई में बिछाया जाल

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस्तर की ओर से एक कार और पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा रायपुर की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने श्याम तराई क्षेत्र में नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहनों से सफेद बोरियों में भरकर रखा गया बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिससे पुलिस भी हैरान रह गई।

480 किलो गांजा जब्त, कीमत 2.60 करोड़ रुपये आंकी गई

जांच के दौरान कुल 480 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2 करोड़ 60 लाख रुपये आंकी गई है। यह अब तक की जिले की बड़ी जब्तियों में से एक मानी जा रही है।

रायपुर और उत्तर प्रदेश तक खपाने की थी योजना

पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है कि तस्करों ने जगदलपुर में सब्जी खाली करने के बाद पिकअप वाहन में गांजा लोड किया था। इसके बाद इसे रायपुर और उत्तर प्रदेश में खपाने की योजना थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रायपुर निवासी नौशाद खान, करण साहू, मोहम्मद सादिक और हिमांशु साहू के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। वहीं नाबालिग को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित सप्लाई चैन की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button