रायपुर में दिनदहाड़े 15 लाख की लूट, बाइक सवार लुटेरे ‘BOSS’ लिखी नंबर प्लेट के साथ फरार

रायपुर : राजधानी में दिनदहाड़े हुई बड़ी लूट की वारदात ने पुलिस महकमे को अलर्ट कर दिया है। पंडरी कापा फाटक के पास अज्ञात बाइक सवार दो लुटेरों ने बोरवेल कारोबारी चिराग जैन से करीब ₹15 लाख की नकदी और सोना-चांदी के आभूषण लूट लिए। घटना के बाद क्राइम ब्रांच और मोवा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, चिराग जैन अपने ऑफिस जा रहे थे, तभी कापा फाटक के पास दो युवक बाइक से आए और रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका। इसके बाद आरोपियों ने नगद रकम और सोने-चांदी की अंगूठी व चैन छीनकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, लुटेरों की बाइक पर नंबर प्लेट की जगह अंग्रेजी में “BOSS” लिखा हुआ था।
फिलहाल पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी की जा सके।












