रायगढ़: तिरंगे के अपमान पर कलेक्टर का सख्त रुख, नापतौल विभाग अधिकारी को नोटिस

रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे के अपमान का गंभीर मामला सामने आया है। शहर के मरीन ड्राइव स्थित नापतौल विभाग कार्यालय में 15 अगस्त को ध्वज संहिता का उल्लंघन किए जाने पर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी को सूचना मिली थी कि 15 अगस्त के दिन कार्यालय परिसर में झंडा फहराने के बाद उसे तुरंत उतारकर दफ्तर में ताला लगाकर अधिकारी मुख्यालय से बाहर चले गए। जांच में पता चला कि सहायक नियंत्रक (विधिक माप विज्ञान) सौरभ श्रीवास्तव बिना किसी अनुमति और सूचना के मुख्यालय से अनुपस्थित थे।
कलेक्टर ने इसे भारतीय ध्वज संहिता, 2002 का उल्लंघन और सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत गंभीर कदाचार माना है। इस पर सहायक नियंत्रक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि अधिकारी तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में जवाब न मिलने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत एकतरफा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने इसे “देशहित के खिलाफ निंदनीय कार्य” बताते हुए चेतावनी दी है कि इस तरह की लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







