एशिया कप 2025 : आज टीम इंडिया का होगा ऐलान, बुमराह की वापसी लगभग तय

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के एशिया कप 2025 स्क्वॉड का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। बीसीसीआई चयन समिति मंगलवार, 19 अगस्त को मुंबई मुख्यालय में बैठक कर टीम का ऐलान करेगी। टीम की घोषणा दोपहर 1:30 बजे की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक बोर्ड प्रेस कॉन्फ्रेंस न करके सिर्फ वेबसाइट पर टीम जारी कर सकता है।
जसप्रीत बुमराह ने बोर्ड को पहले ही सूचित कर दिया है कि वह टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध हैं। ऐसे में उनका टीम में शामिल होना लगभग तय माना जा रहा है। उनके साथ अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा तीन स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाजों में शामिल हो सकते हैं। वहीं, हर्षित राणा को रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर जगह मिलने की संभावना है।
पूर्व क्रिकेटर और चयनकर्ता कृष्णामचारी श्रीकांत ने भी टीम चयन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि 14 वर्षीय प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को एशिया कप टीम में शामिल किया जाना चाहिए। श्रीकांत ने कहा – “क्रिकेट में बोल्ड फैसले लेने होते हैं। उसे मैच्योर होने का इंतजार मत कराओ। वह पहले ही गजब की मैच्योरिटी और स्ट्रोकप्ले दिखा रहा है। अगर मैं सेलेक्शन कमेटी का चेयरमैन होता, तो उसे अंतिम 16 में जरूर जगह देता।”












