खरसिया : भाजपा नेता के भाई पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

खरसिया (रायगढ़)। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम चपले में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात हुई। यहां भाजपा नेता पुरुषोत्तम पटेल के बड़े भाई कमल पटेल (55 वर्ष) पर गांव के ही युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई है।
कैसे हुई घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त 2025 को करीब शाम 4 बजे कमल पटेल अपने घर के मेन गेट पर दरवाजा लगा रहे थे। तभी गांव का ही ओमशंकर पिता जोहितराम पटेल वहां पहुंचा और झगड़ा करने लगा। विवाद बढ़ते ही ओमशंकर ने अचानक चाकू निकालकर कमल पटेल के पेट पर लगातार तीन वार कर दिए। हमले की गंभीरता इतनी थी कि कमल की आंत बाहर निकल आई और वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
उपचार जारी
गंभीर रूप से घायल कमल पटेल को पहले समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चपले ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देख उन्हें रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। समाचार लिखे जाने तक वे बेहोश थे और स्थिति गंभीर बनी हुई थी।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।












