मरवाही: खेत से लौट रहे किसान पर तीन भालुओं का हमला, गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर

मरवाही वन मंडल के साल्हेकोटा गांव में खेत से घर लौट रहे एक किसान पर भालुओं ने हमला कर दिया। हमले में किसान श्रीराम नागेश गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसके सिर, चेहरे और आंखों में गहरी चोटें आई हैं। ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया।
घटना उस समय हुई जब श्रीराम खेत से लौट रहा था। गांव के पास अचानक उसका सामना एक मादा भालू और उसके दो शावकों से हो गया। घबराहट के बीच भालुओं ने किसान पर हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालुओं को वहां से भगाया।
गांव के सरपंच ने घटना की जानकारी वन विभाग को दी, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही पीड़ित परिवार से संपर्क किया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।












