रायगढ़ में हाथियों का बढ़ता आतंक, बाइक सवार दो युवकों का पीछा करता दिखा जंगली हाथी

रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में घरघोड़ा वन रेंज के नवापारा-टेंडा जंगल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें एक हाथी बाइक सवार दो युवकों को दौड़ाता हुआ नजर आ रहा है।
कैसे हुआ हादसा
मंगलवार शाम को घरघोड़ा वन मंडल के 26 हाथियों का दल नवापारा-टेंडा क्षेत्र से गुजर रहा था। इस दौरान दो युवक बाइक से उसी रास्ते पर पहुंच गए और हाथियों का वीडियो बनाने लगे। अचानक दल से एक बड़ा हाथी बाहर निकला और युवकों की ओर तेजी से दौड़ पड़ा। हाथी ने उन्हें काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।
वन विभाग की सतर्कता
घटना के बाद वन विभाग ने स्थानीय लोगों को सतर्क किया है। घरघोड़ा रेंजर सी.के. राठिया ने बताया कि हाथियों के दल पर लगातार नजर रखी जा रही है। नवापारा-टेंडा और कटंगडीह गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल के रास्तों से न गुजरें।
ग्रामीणों को हाथियों से बचाव के उपाय भी बताए जा रहे हैं। वन विभाग ने लोगों से जंगल के रास्तों पर सावधानी बरतने और जंगली हाथियों से दूरी बनाए रखने की सख्त सलाह दी है।












