शिक्षक दिवस पर भोजराम पटेल को मिला राज्य स्तरीय सम्मान

रायगढ़। शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तारापुर के प्रभारी प्राचार्य एवं व्याख्याता, साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के जिला संगठक भोजराम पटेल को डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
भोजराम पटेल को यह सम्मान शिक्षण कार्य के साथ-साथ विद्यालय, विद्यार्थियों और समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
राज्य स्तरीय सम्मान समारोह शुक्रवार को रायपुर स्थित राजभवन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि रहे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अध्यक्षता की और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. सिद्धार्थ कोमल परदेशी और लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक ऋतुराज रघुवंशी सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से दिए जाने वाले इस स्मृति सम्मान में चयनित शिक्षकों को 50 हजार रुपये की नगद राशि, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शाल और श्रीफल भेंट किया जाता है। भोजराम पटेल सहित कुल चार शिक्षकों को इस वर्ष यह राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ।












