रायगढ़ ब्रेकिंग न्यूज़ : सलाहकार के सूने मकान में लाखों की चोरी, चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का मामला

रायगढ़। जिले में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। यह मकान बलरामपुर जिले के मुख्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में पदस्थ सलाहकार दिव्य किशोर गुप्ता का है। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिव्य किशोर गुप्ता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बलरामपुर जिले में सलाहकार पद पर पदस्थ हैं और हर शनिवार-रविवार को अपने गांव लोईंग आते-जाते रहते हैं। उनकी पत्नी शिक्षक हैं और बच्चों के साथ टीवी टावर क्षेत्र में रहती हैं, जबकि भाई प्रमथेश गुप्ता अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं।
गुप्ता ने बताया कि 2 सितंबर को उनका भाई प्रमथेश इलाज के लिए भुवनेश्वर गया हुआ था और उसकी पत्नी भी मायके गई हुई थी। इस बीच 6 सितंबर की दोपहर को उनकी मां मंजूश्री गुप्ता और बहन प्रियंबदा गुप्ता गांव लोईंग में अष्टपहरी का चंदा देने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और लाखों रुपए के कीमती सोने-चांदी के जेवर एवं नगद लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए सुराग जुटाए जा रहे हैं।












