Uncategorised

एनटीपीसी रायकेरा-घरघोड़ा के उप महाप्रबंधक विजय दुबे रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Advertisement

रायगढ़। एनटीपीसी रायकेरा-घरघोड़ा कार्यालय के उप महाप्रबंधक विजय दुबे को मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि अधिकारी ने पुनर्वास मुआवजा भुगतान कराने के एवज में 5 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत से लेकर कार्रवाई तक

तिलाईपाली निवासी सौदागर गुप्ता ने एसीबी बिलासपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके गांव स्थित मकान का अधिग्रहण एनटीपीसी द्वारा किया गया था। भूमि और मकान का मुआवजा मिल चुका था, लेकिन पुनर्वास योजना के तहत उनके पुत्रों को लगभग 30 लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा मिलना था। इसमें से 14 लाख रुपये का भुगतान हो चुका था, जबकि शेष 16 लाख रुपये दिलाने के नाम पर उप महाप्रबंधक विजय दुबे ने 5 लाख रुपये रिश्वत मांगी थी।

शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि आरोपी अधिकारी ने पहले ही 50 हजार रुपये अग्रिम के रूप में ले लिए थे। इस पर एसीबी ने शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद मंगलवार को ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई।

पेट्रोल पंप के पास हुई गिरफ्तारी

योजना के तहत आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता को शेष 4.50 लाख रुपये देने के लिए बुलाया। तय कार्यक्रम के अनुसार शिकायतकर्ता जैसे ही रकम लेकर पहुँचा, आरोपी ने रिश्वती राशि ली। उसी दौरान एसीबी की टीम ने पेट्रोल पंप के पास मौके पर ही विजय दुबे को पकड़ लिया।

कानूनी कार्रवाई

एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आगे की कानूनी कार्यवाही प्रक्रिया अनुसार की जाएगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button