सक्ती में शराब पीने से दो युवकों की मौत, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों का चक्का जाम

सक्ती, 17 सितम्बर 2025। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से शराबखोरी से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। जिले के करही गांव के दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में शराब पीने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सारंगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। आज सुबह करीब 9 बजे करही गांव के ग्रामीणों ने बिर्रा चौक पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि शराब पिलाने वाले आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर गिरफ्तारी की जाए।
चक्का जाम के चलते हसौद से शिवरीनारायण, भटगांव से चांपा-कोरबा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि करही गांव में कुछ दिन पहले भी एक दर्दनाक घटना हुई थी। उस समय गांव के युवा उप सरपंच को शराब पार्टी के बहाने बुलाया गया और शराब पिलाकर मौत के घाट उतार दिया गया था। अब दोबारा शराब से जुड़ी मौत की घटना ने ग्रामीणों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
प्रशासन की स्थिति
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। चक्का जाम कर रहे ग्रामीणों को समझाइश देकर हटाने और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देने की कोशिशें की जा रही हैं।












