रायगढ़ : ड्राइवर की दाढ़ी खींची, पगड़ी उतारी और पत्थर से पीटा, 4 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ (छत्तीसगढ़)। रायगढ़ जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां चार युवकों ने मिलकर एक ड्राइवर की न केवल दाढ़ी खींची और पगड़ी उतारी, बल्कि गमछे में पत्थर लपेटकर जमकर पिटाई भी कर दी। घटना में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुई घटना?
मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, 15 सितंबर (सोमवार) की रात ड्राइवर राजगुरु बाग सिंह (42 वर्ष) मुंबई से ट्रेलर लेकर जिंदल सीमेंट प्लांट आया था। रास्ते में वह रात करीब 10 बजे कोसमपाली के दीपाली होटल में खाना खा रहा था।
इसी दौरान होटल में दो शख्स आपस में खाना खाते समय गाली-गलौज कर रहे थे। जब राजगुरु ने उन्हें ऐसा न करने की सलाह दी तो वे उसी से उलझ गए और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद उन्होंने अपने दो अन्य साथियों को बुला लिया।
बेरहमी से की पिटाई
चारों युवकों ने मिलकर राजगुरु पर हमला कर दिया।
- उसकी दाढ़ी खींची
- पगड़ी उतार दी
- गमछे में पत्थर लपेटकर पीटा
- डंडों, लात-घूसों और मुक्कों से जमकर हमला किया
हमले में राजगुरु गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर, हाथ और छाती पर गंभीर चोटें आईं। इस दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
ग्रामीणों ने बचाया, अस्पताल में भर्ती
मारपीट को देखकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, तब आरोपी वहां से भाग गए। इसके बाद घायल ड्राइवर को जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना में रिपोर्ट दर्ज
ड्राइवर के साथी कुलजीत सिंह ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि दूसरी गाड़ी के ड्राइवर गुरकीरत, इंद्रपाल और उनके दो साथियों ने मिलकर हमला किया था। इसके आधार पर 19 सितंबर (गुरुवार) को कुलजीत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
कोतरा रोड थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने बताया कि गाली-गलौज से मना करने की बात पर यह गंभीर मारपीट हुई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।












