Uncategorised

कलेक्टर चतुर्वेदी की समय-सीमा बैठक : अस्पतालों में डॉक्टर समय पर रहें, डेंगू से बचाव के लिए विशेष अभियान चलेगा

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय कामकाज की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, बिजली, ट्रैफिक, धान खरीदी, राजस्व और निर्माण कार्यों से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अस्पतालों में डॉक्टर समय पर रहें

कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से कहा कि कई बार शिकायतें मिलती हैं कि ओपीडी टाइमिंग में डॉक्टर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं रहते। यह स्थिति अस्वीकार्य है। उन्होंने निर्देश दिया कि जिला अस्पताल से लेकर सभी शासकीय अस्पतालों में डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ ओपीडी के समय में मरीजों के इलाज के लिए अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें।

विद्युत विभाग को निर्देश

कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि शहर में कहीं भी ट्रांसफार्मर के बॉक्स खुले हुए न रहें। इसके लिए निरीक्षण अभियान चलाकर सभी खुले बॉक्स को बंद कराया जाए। फील्ड पर कार्यरत विद्युतकर्मियों को भी मरम्मत के बाद बॉक्स को अवश्य बंद करने के निर्देश दिए गए।

भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

शहर के बीच से होकर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर कलेक्टर ने ट्रैफिक डीएसपी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

धान खरीदी की तैयारी की समीक्षा

धान उपार्जन की तैयारी को लेकर कलेक्टर ने विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिले की सीमा पर चेक पोस्ट बेरियर स्थापित करने और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उपार्जन केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर बल दिया।

जनदर्शन के लंबित आवेदन शीघ्र निपटाएं

कलेक्टर ने विभागवार जनदर्शन के लंबित आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से लंबित आवेदनों के कारणों की जानकारी ली और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए।

किसानों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता

फार्मर रजिस्ट्री और डीसीएस सर्वे की प्रगति धीमी होने पर कलेक्टर ने तहसीलदारों को अपने क्षेत्र में लंबित प्रकरणों का शीघ्र अपडेशन कराने को कहा। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़े इन कार्यों को पूरी गंभीरता से शीघ्र पूर्ण किया जाए।

जाति प्रमाण पत्र में सुविधा

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अन्य जिलों से आए हुए बच्चों के जाति प्रमाण पत्र के लिए पत्राचार कर संबंधित जिले से प्रमाण पत्र बनवाने की व्यवस्था की जाए।

डेंगू से बचाव के लिए विशेष अभियान

कलेक्टर ने रायगढ़ नगर निगम सहित जिले के सभी नगरीय निकायों को डेंगू और अन्य जल/मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में दवा का छिड़काव, डोर-टू-डोर सर्वे और शैक्षणिक संस्थाओं में जागरूकता अभियान चलाने को कहा। सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में इन अभियानों की मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।

निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर

कलेक्टर ने सभी सीईओ जनपदों से उनके विकासखंडों में विभिन्न मदों से चल रहे निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों को जल्द पूर्ण किया जाए और इसके लिए नियमित रूप से फील्ड मॉनिटरिंग अनिवार्य है। स्वास्थ्य विभाग से संबंधित भवनों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। जिन परियोजनाओं में भूमि का आबंटन पूरा हो चुका है, उन्हें तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्द्र यादव, सहायक कलेक्टर श्री अक्षय डोसी, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर श्री रवि राही, अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button