लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: महिला तस्कर गिरफ्तार, नशीली दवाओं का जखीरा और 8.40 लाख नकद बरामद

जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लैलूंगा पुलिस ने गुरुवार देर रात बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने ग्राम दुर्गापुर लारीपानी में छापेमारी कर एक महिला को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में नशीली दवाएं और 8.40 लाख रुपये नगद बरामद हुए हैं।
छापेमारी की कार्यवाही
पुलिस को जानकारी मिली थी कि झारखंड से नशीली दवाओं की तस्करी कर सीमावर्ती क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही है। एसपी के निर्देश पर लैलूंगा, तमनार और घरघोड़ा थाना क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई। मुखबिर से मिली सूचना के बाद थाना प्रभारी रोहित बंजारे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुर्गापुर लारीपानी निवासी धनुर्जय यादव के मकान पर दबिश दी।
इस दौरान धनुर्जय यादव फरार हो गया, लेकिन उसकी पत्नी तिलोत्तमा यादव (25 वर्ष) घर में मौजूद मिली। तलाशी में नशीली दवाओं का जखीरा बरामद हुआ। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह अपने पति के साथ मिलकर अवैध दवा कारोबार करती है।
बरामदगी का ब्यौरा
200 नग ONEREX कफ सिरप (100 एमएल)
85 पैकेट Spasmo-Proxyvon Plus कैप्सूल (प्रत्येक पैकेट में 24 कैप्सूल)
220 पैकेट Butrum इंजेक्शन (प्रत्येक पैकेट में 5 इंजेक्शन)
बरामद दवाओं की कीमत: ₹64,914
नगद: ₹8,40,000
कुल मूल्य: ₹9,04,914
पुलिस ने आरोपिया को गिरफ्तार कर मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। फिलहाल फरार मुख्य आरोपी धनुर्जय यादव की तलाश जारी है।












