अवैध स्क्रैप परिवहन पर कोतरारोड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 टन लोहे का स्क्रैप व माजदा वाहन जब्त – दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। कोतरारोड़ पुलिस ने बीती रात अवैध स्क्रैप परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 टन लोहे के स्क्रैप सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक माजदा वाहन (CG 10 BV 3447) को भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर की रात थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज को मुखबिर से सूचना मिली कि भूपदेवपुर की ओर से भारी मात्रा में अवैध कबाड़ लेकर एक माजदा ट्रक रायगढ़ की दिशा में जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जिंदल पार्किंग पतरापाली के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध माजदा वाहन आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने पीछा कर रोक लिया।
वाहन की तलाशी के दौरान उसमें लोहे के एंगल, सरिया, सेंट्रिंग प्लेट, स्टील रॉड, स्क्रैप और विभिन्न वाहनों के कलपुर्जे पाए गए। पूछताछ में वाहन सवारों ने अपना नाम
1. ओमप्रकाश लहरे पिता इतवारीराम, उम्र 34 वर्ष, निवासी डरई थाना सक्ती, जिला सक्ती
2. सुभाष कुमार सूर्यवंशी पिता रामरतन सूर्यवंशी, उम्र 25 वर्ष, निवासी जखे, थाना सिटी कोतवाली, जिला जांजगीर-चांपा
बताया।
दोनों आरोपी स्क्रैप के कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने जब्त किए गए स्क्रैप का वजन 20,160 किलोग्राम पाया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹6,04,800 आंकी गई है। वहीं, माजदा वाहन की कीमत ₹25 लाख सहित कुल जब्ती की राशि ₹31,04,800 है।
पुलिस ने पूरे प्रकरण में वाहन और स्क्रैप को धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस / 303(2) बीएनएस के तहत जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के निर्देशन, डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में की गई। इस दौरान प्रधान आरक्षक करूणेश राय, आरक्षक चंद्रेश पाण्डेय और टिकेश्वर यादव की सराहनीय भूमिका रही।






