रायगढ़ : पोस्ट ऑफिस में नौकरी का झांसा देकर युवक से 1 लाख की ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

रायगढ़ जिले में एक युवक से पोस्ट ऑफिस में नौकरी लगाने का झांसा देकर 1 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को रोजगार दिलाने वाला बताकर दो लाख रुपए की मांग की थी और एक सप्ताह में ज्वाइनिंग लेटर देने का वादा किया था। लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद न नौकरी मिली, न ही पैसे लौटाए गए। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, किरोड़ीमल नगर निवासी किशन चंद्रा (31) बीते कुछ महीनों से नौकरी की तलाश में था। इसी दौरान उसे पता चला कि बरमकेला क्षेत्र के ग्राम पड़कीपाली निवासी कैलाश यादव ने ईतवारी बाजार में “जीवनधन रोजगार ऑफिस” नाम से एक संस्थान शुरू किया है, जो युवाओं को सरकारी और प्राइवेट नौकरी दिलाने का दावा करता है।
किशन जब नौकरी के लिए वहां पहुंचा, तो आरोपी कैलाश यादव ने उसे आश्वासन दिया कि वह डाक विभाग (Post Office) में MTS (मल्टी टास्किंग स्टाफ) पद पर नौकरी लगवा सकता है। इसके बदले उसने दो लाख रुपए की मांग की। किशन ने भरोसा करते हुए 25 जुलाई को 1 लाख रुपए नकद दे दिए। आरोपी ने कहा कि सात दिन में ज्वाइनिंग लेटर मिल जाएगा, लेकिन दो महीने बाद भी कोई सूचना नहीं मिली।
जब किशन ने अपने पैसे वापस मांगे, तो कैलाश ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। इसके बाद पीड़ित को समझ आ गया कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। उसने शनिवार को कोतवाली थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर रकम ठगी है। अब पुलिस आरोपी की गतिविधियों और उसके जीवनधन रोजगार ऑफिस की जांच कर रही है।






