रायगढ़ में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2025 की भव्य तैयारियाँ पूरी, 2 से 4 नवंबर तक चलेगा तीन दिवसीय उत्सव

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में 2 से 4 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव-2025 का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। आयोजन स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, साउंड सिस्टम, पार्किंग, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की सुदृढ़ व्यवस्था की गई है, ताकि दर्शकों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम का शुभारंभ आज से प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।
रायगढ़ जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की विकास यात्रा, गौरवशाली उपलब्धियों और लोकसंस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत करेगा। विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की ग्रामीण समृद्धि, औद्योगिक विकास, सामाजिक प्रगति और लोक परंपराओं को दर्शाया जाएगा। प्रतिदिन शाम 6 बजे से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें स्थानीय लोक कलाकारों और स्कूली विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक लोकनृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।
राज्योत्सव न केवल प्रदेश की विकास यात्रा का उत्सव होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, जनभागीदारी और समृद्ध विरासत को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।












