बिहार चुनाव पर बोले वित्तमंत्री ओपी चौधरी — “एनडीए की बढ़त नहीं, आंधी और सुनामी है… जनता सुशासन को चुन रही है”

बिहार में एनडीए की बढ़त के रुझानों के बीच छत्तीसगढ़ के वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि बिहार की जनता ने एनडीए को अभूतपूर्व समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ बढ़त नहीं, बल्कि “आंधी और सुनामी” है, जो दिखाती है कि जनता एनडीए के विकास मॉडल के साथ खड़ी है।
ओपी चौधरी ने कहा,
“बिहार की जनता ने एनडीए को आशीर्वाद दिया है। एनडीए विकसित भारत की नींव मजबूती से डाल रहा है। जनता समझ चुकी है कि भाजपा और उसके सहयोगियों की सरकार ही बेहतर भविष्य का मार्ग तैयार कर रही है।”
उन्होंने दावा किया कि बिहार में सुशासन लगातार मजबूत हुआ है और जनविश्वास स्पष्ट रूप से एनडीए के पक्ष में दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस पर तीखा हमला
कांग्रेस के “वोट चोरी अभियान” को लेकर मंत्री ओपी चौधरी ने कड़ा वार करते हुए कहा—
“कांग्रेस अब डूबती हुई नाव बन चुकी है। महागठबंधन को जनता ने ‘महाठगबंधन’ करार दे दिया है। इनके अपने लोग भी पार्टी छोड़कर इधर-उधर पनाह ढूंढ रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी केवल नकारात्मक राजनीति, भ्रम और अनर्गल आरोपों के सहारे चुनाव लड़ते हैं, लेकिन जनता ने इसका जवाब वोटों से दे दिया है।












