Uncategorised

पुसौर में कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और आनंद कुमार ने युवाओं को दी सफलता की कुंजी

Advertisement



पुसौर। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और सुनियोजित करियर निर्माण के उद्देश्य से पुसौर में भव्य कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी की विशेष पहल पर किया गया। इस मौके पर देश के प्रसिद्ध शिक्षाविद और सुपर-30 के संस्थापक पद्मश्री आनंद कुमार ने विद्यार्थियों को सफलता और संघर्ष की प्रेरक कहानियाँ साझा कीं।

कार्यक्रम की शुरुआत में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुसार सरकार निरंतर युवाओं के भविष्य निर्माण के लिए प्रयासरत है। उन्होंने स्पष्ट लक्ष्य, सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत को सफलता की कुंजी बताया। अपने छात्र जीवन और सरकारी स्कूल से लेकर कलेक्टर एवं मंत्री बनने की प्रेरक यात्रा साझा करते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत, समय प्रबंधन और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि अपनी क्षमता पहचानें, योजना बनाएं और धैर्य व परिश्रम के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ें।

सुपर-30 के संस्थापक आनंद कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखने वाला व्यक्ति जीवन में सफल होता है। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन की प्रेरक कहानी साझा की और बताया कि आर्थिक कठिनाइयाँ सफलता की राह में बाधा नहीं, बल्कि प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि अवसर की कमी का रोना न रोएँ, बल्कि स्वयं अवसर बनाएँ और संघर्षों को सफलता की सीढ़ी बनाएं। उन्होंने अपने सुपर-30 के विद्यार्थियों की प्रेरक कहानियाँ भी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने 66 चयनित विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये का स्वेच्छा अनुदान प्रदान करने की घोषणा की। इसके साथ ही आगामी वर्ष कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मेरिट सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को 1-1 लाख रुपये की शिक्षा सहायता देने की घोषणा की। कार्यक्रम में पुसौर और खरसिया विकासखंड के विद्यार्थियों ने आनंद कुमार के प्रेरक विचारों को तन्मयता से सुना और उन्हें मंच पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, नगर पंचायत पुसौर के अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एसडीएम महेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button