टुर्कुमुडा मारपीट प्रकरण : जूटमिल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

टुर्कुमुडा स्थित शराब भट्ठी के पास सोमवार रात ऑटो चालक और उसके साथी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में जूटमिल पुलिस ने तेज और सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्रार्थी रफी आलम (22), निवासी कायाघाट, ने पुलिस को बताया कि वह अपने ऑटो (CG 13 AA 5862) से सवारी छोड़कर साथी राजू साहू के साथ लौट रहा था। रात करीब 10:10 बजे छातामुडा चौक के पास राजू गुटखा लेने दुकान में गया, जहां एक युवक उससे बिना कारण गाली-गलौज कर रहा था। शोर सुनकर रफी मौके पर पहुंचा तो आकाश राय राजू के साथ मारपीट कर रहा था।
इसी दौरान आकाश का साथी निकुंज खड़िया वहां पहुंचा और उसने रफी व राजू दोनों की पीठ पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। उपचार के बाद पीड़ितों ने थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 428/2025 धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर टीम के साथ दबिश दी। पुलिस ने आरोपी निकुंज खड़िया (19) को घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू के साथ और आरोपी आकाश राय (22) को स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG-13-BB-8698) सहित गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, सहायक उप निरीक्षक भागीरथी चौधरी, प्रधान आरक्षक शिव वर्मा, आरक्षक सुशील यादव, जितेश्वर चौहान सहित जूटमिल थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही।






