अखिल भारतीय ड्यूज बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता: एनटीपीसी प्रोग्रेसिव ने जीती ट्रॉफी

पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में खेले गए अखिल भारतीय ड्यूज बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में एनटीपीसी प्रोग्रेसिव ने डीसीएस रायगढ़ को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
एनटीपीसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में 5 विकेट पर 226 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज संतोष यादव ने 48 गेंद पर 43 रन बनाए। प्रवीण लुहा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 59 गेंद पर 97 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे। राजकिशन पटेल ने 34 गेंद पर 52 रन की तेज पारी खेली। रायगढ़ डीसीएस की ओर से रामचंद्र शर्मा ने 2 विकेट लिए, जबकि हाशिम कुरैशी, विकास द्विवेदी और फैजान हुसैन ने 1-1 विकेट लिया। 227 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीएस की शुरुआत खराब रही। कृष्ण सोनी ने 51 गेंद पर 43 रन बनाए।
आसिफ खान ने 27 गेंद पर 22 रन और विकास द्विवेदी ने 33 गेंद पर 39 रन बनाए। पूरी टीम 29.4 ओवर में 185 रन पर ऑलआउट हो गई। समापन समारोह के मुख्य अतिथि खरसिया विधायक उमेश पटेल रहे और अध्यक्षता पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों में नगर पंचायत पुसौर अध्यक्ष मोहित सतपथी, अदानी पावर के अधिकारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष जेमिनी गुप्ता और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लीलाधर चौधरी, नागेंद्र नेगी शामिल रहे। मैन ऑफ द सीरीज विकास द्विवेदी (डीसीएस रायगढ़) रहे। टॉस पंकज मिश्रा, नायब तहसीलदार पुसौर ने किया।
शतक से चूके प्रवीण बने प्लेयर ऑफ द मैच एनटीपीसी प्रोग्रेसिव की ओर से राजकिशन पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। आर्यन तिवारी ने 2 विकेट और तारिणी वैभव व आयुष शर्मा ने 1-1 विकेट लिया। फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच प्रवीण लुहा रहे, जिन्होंने 97 रन की बेहतरीन पारी खेली।












