दहेज की हैवानियत! पहले बेरहमी से पिटाई, फिर जहर का घूंट… कबीरधाम में पत्नी की दर्दनाक हत्या से कांपा गांव

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। दहेज की भूख में एक पति इस कदर हैवान बन गया कि उसने पहले पत्नी को बेरहमी से पीटा और फिर जहर पिलाकर उसकी जिंदगी हमेशा के लिए खत्म कर दी। यह सनसनीखेज मामला लोहारा थाना क्षेत्र के महाराटोला गांव का है।
मायके पक्ष के मुताबिक, आरोपी पति जोहन साहू लगातार दहेज को लेकर पत्नी लोकेश्वरी को प्रताड़ित करता था। वारदात वाले दिन भी विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उसे जबरन जहर पिला दिया।
इलाज के बहाने छिपाने की कोशिश, अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के बाद अपने गुनाह को छिपाने के लिए आरोपी पति लोकेश्वरी को लोहारा अस्पताल लेकर पहुंचा। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन वहां इलाज के दौरान लोकेश्वरी की मौत हो गई। जैसे ही मौत की खबर फैली, इलाके में हड़कंप मच गया।
मायके पक्ष का फूटा गुस्सा, एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाए गंभीर आरोप
मृतका के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और ससुराल पक्ष पर साजिशन हत्या का आरोप लगाया। मृतका के पिता का कहना है कि केवल पति ही नहीं, बल्कि सास-ससुर की भी इस वारदात में भूमिका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी ने मिलकर लोकेश्वरी को प्रताड़ित किया और अंत में उसकी जान ले ली।
पति गिरफ्तार, पूरे ससुराल की भूमिका की जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी पति जोहन साहू को गिरफ्तार कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।












