कबीरधाम: पैलपार कुएं हत्या का सनसनीखेज खुलासा, 48 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम, छत्तीसगढ़: जिले के लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत पैलपार गांव में कुएं से युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे में हत्या का पर्दाफाश कर दिया। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
हत्या का पूरा मामला
27 जनवरी को सुमित जैन के खेत स्थित कुएं में किशन उर्फ पाव वर्मा (25 वर्ष), निवासी ढेकापुर का शव पाया गया। शव के साथ ईंट-कांक्रीट का भारी पत्थर बंधा होने से हत्या कर साक्ष्य छुपाने का स्पष्ट संकेत मिला।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल तथा डीएसपी आशीष शुक्ला के मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्य, संदिग्धों से पूछताछ और घटनाक्रम का विश्लेषण कर आरोपी पकड़े गए।
पुलिस जांच और घटनाक्रम
अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि 5 जनवरी को थान खम्हरिया स्थित शराब भट्ठी के पास चखना दुकान के समीप किशन वर्मा को अकेला देखकर पहले उसकी मारपीट की, फिर चाकू से वार कर बेहोश किया। इसके बाद मोटरसाइकिल से पैलपार मुक्तिधाम के पास ले जाकर लकड़ी के बत्ते से प्राणघातक हमला किया, जिससे किशन की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव को सुमित जैन के खेत स्थित कुएं में फेंककर पहचान छुपाने के लिए भारी पत्थर बांधा गया। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पूरी वारदात का रिक्रिएशन कराया और हत्या में प्रयुक्त चाकू, लकड़ी का बत्ता, मोटरसाइकिल, रस्सी जब्त की। आरोपियों ने खून से सने कपड़ों को जलाकर नष्ट करने की बात भी स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपी
- प्रकाश धुर्वे (25 वर्ष)
- उमेश उर्फ लक्की राजपूत (20 वर्ष)
- खेमलाल उर्फ ईशु निषाद (20 वर्ष)
तीनों निवासी वार्ड क्रमांक 09, थान खम्हरिया, जिला बेमेतरा हैं।
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हुआ है।












