केलो बिहार में अवैध देह व्यापार का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार, पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई

रायगढ़, 2 फरवरी 2026: रायगढ़ पुलिस ने केलो बिहार कॉलोनी में एक बड़े देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। पुलिस की कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार हुए और उनके कब्जे से मोबाइल व आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में की गई सटीक छापेमारी
नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के दिशा-निर्देशन में थाना चक्रधरनगर और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने मकान में छापेमारी की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा। पाइंटर द्वारा संकेत मिलने के बाद पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी।
किराए के मकान में महिलाओं को लाकर कराया जा रहा था देह व्यापार
मौके पर मकान में तीन महिलाएं, आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार और नागेंद्र विश्वकर्मा पाए गए। पूछताछ में यह सामने आया कि डिंपी इजारदार मकान का किरायेदार है और महिलाओं को पैसों का लालच देकर अनैतिक काम करवा रहा था। आरोपी स्वयं इसका संचालन करता और दलाली की भूमिका निभाता था।
पुलिस ने जब्त की मोबाइल और आपत्तिजनक सामग्री
पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन, पाइंटर द्वारा दिया गया रकम और देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री को गवाहों के समक्ष जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपी और कानूनी कार्रवाई
- डिंपी उर्फ राहुल इजारदार (उम्र 40 वर्ष), पिता जीवनलाल इजारदार, निवासी संतोष सोनी का मकान, केलो बिहार, थाना चक्रधरनगर
- नागेंद्र विश्वकर्मा (उम्र 35 वर्ष), पिता विनोद विश्वकर्मा, निवासी गणेश चौक, थाना कोतरारोड
दोनों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 3, 4, 5 अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा:
“जिले में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।”
पुलिस टीम की भूमिका और कार्रवाई
इस सफल कार्यवाही में शामिल रहे:
एडिशनल एसपी (साइबर) अनिल विश्वकर्मा, सीएसपी मयंक मिश्रा, थाना चक्रधरनगर उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, एएसआई नंद कुमार, प्रधान आरक्षक श्याम देव साहू, आरक्षक राजेश सिदार, साइबर थाना से प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, रेनू मंडवी सिंह, प्रशांत पंडा, रविंद्र गुप्ता, विक्रम सिंह, सुरेश सिदार और महिला आरक्षक मेनका चौहान।









