देहरादून में बड़ा हादसा: कालसी के पास खाई में गिरी हिमाचल रोडवेज बस, 3 यात्रियों की मौत, कई की हालत गंभीर

देहरादून । उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की एक पैसेंजर बस क्वानू–मीनस रोड पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे के वक्त बस में करीब 30 यात्री सवार थे। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 6 से 7 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
घायलों को अस्पताल में भर्ती, कई की हालत नाजुक
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज जारी है।
SDRF ने संभाला मोर्चा, कई टीमें मौके पर तैनात
स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) के अनुसार, सूचना मिलते ही डाकपत्थर, चकराता, मोरी और ट्यूनी की SDRF टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन टीमों ने तेजी से राहत कार्य शुरू किया।
मुख्यमंत्री धामी ने दिए त्वरित राहत-बचाव के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जिला मजिस्ट्रेट से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली और कहा कि
> “सभी नजदीकी मेडिकल सेंटरों को हाई अलर्ट पर रखा जाए। जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट कर उन्नत चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया जाए।”












