मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैकुंठपुर के झुमका पर्यटन स्थल में ओपन थिएटर का किया लोकार्पण

रायपुर/कोरिया – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरिया प्रवास के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बैकुंठपुर स्थित प्रसिद्ध झुमका जलाशय में निर्मित ओपन थिएटर का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने झुमका जलाशय में शिकारा पर सवार होकर नौका विहार किया और क्षेत्र के मनोहारी प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। चारों ओर हरियाली, शांत जलराशि और कमल के फूलों से सजा यह स्थल अब एक आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित हो रहा है। मुख्यमंत्री ने यहां बोटिंग, वाटर स्पोर्ट्स सहित विकसित पर्यटन गतिविधियों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं की सराहना की।
करीब 27 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह ओपन थिएटर 500 दर्शकों की बैठक क्षमता वाला है, जो भविष्य में सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि झुमका जलाशय केवल कोरिया जिले की पहचान ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाओं का प्रतीक है। राज्य सरकार पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थापित किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यटकों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा स्थानीय युवाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएँ।












