प्रधानमंत्री मोदी से फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने मुंबई में की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों पर होगी चर्चा

मुंबई (महाराष्ट्र) – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण मुंबई के लोक भवन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। दोनों नेताओं की बातचीत भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और नए व उभरते क्षेत्रों में विस्तार करने पर केंद्रित होगी। इसके अलावा, वे क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
राष्ट्रपति मैक्रों प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर 17 से 19 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरान वे ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेंगे और मुंबई में मोदी के साथ द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन करेंगे।
यह मैक्रों की भारत की चौथी और मुंबई की पहली यात्रा है। मुंबई हवाई अड्डे पर उनका स्वागत महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया।
मैक्रों ने मंगलवार तड़के मुंबई पहुंचते ही कोस्टल रोड के पास मरीन ड्राइव पर जॉगिंग की। इसके बाद वे अपनी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों के साथ ताज महल पैलेस होटल पहुंचे और नवंबर 2008 के आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को पुष्पांजलि अर्पित की। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और मुंबई पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की निगरानी की।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कहा कि भारत फ्रांस के राष्ट्रपति की यात्रा और द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्साहित है।












