राजिम कुंभ कल्प 2026: अरुण गोविल की भव्य प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया

रायपुर/राजिम (छत्तीसगढ़) – छत्तीसगढ़ के प्रयाग राजिम की पावन धरती पर आयोजित राजिम कुंभ कल्प 2026 में आस्था और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। त्रिवेणी संगम के तट पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध कलाकार अरुण गोविल ने “सुनो श्री राम कहानी” की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिससे श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए।
भगवान श्रीराम की भूमिका से घर-घर में पहचाने जाने वाले अरुण गोविल की आवाज गूंजते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भी आत्मीय मुलाकात की और राजिम कुंभ के भव्य आयोजन व उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
अरुण गोविल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, यहां की जनआस्था और लोगों का आत्मीय स्नेह उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि राजिम कुंभ कल्प केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत उत्सव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आस्था, संस्कृति और पर्यटन के संरक्षण-संवर्धन के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में दयाल दास बघेल, राजेश अग्रवाल, रूपकुमारी चौधरी, रोहित साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। राजिम कुंभ कल्प 2026 के माध्यम से छत्तीसगढ़ की धार्मिक, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिल रही है।












