Uncategorised

जिला अस्पताल बलौदाबाजार में सर्जिकल सुविधाओं का विस्तार, 16 जटिल ऑपरेशन सफल


बलौदाबाजार। जिला अस्पताल में नए जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. कादिर बेग की पदस्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब अस्पताल में कई जटिल बीमारियों का सफलतापूर्वक और निःशुल्क उपचार किया जा रहा है।

इन बीमारियों का हो रहा इलाज

अस्पताल में अब हर्निया, हाइड्रोसिल, बवासीर, फिमोसिस, सेलुलाइटिस, ब्रेस्ट एब्सेस, फाइब्रोएडेनोमा, लिम्फोमा और सिबेशियस सिस्ट जैसी गंभीर समस्याओं के ऑपरेशन किए जा रहे हैं।

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी के अनुसार, ये सभी ऑपरेशन निःशुल्क किए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर मरीजों को आयुष्मान कार्ड का लाभ भी दिया जाता है। भर्ती मरीजों को अस्पताल में भोजन और नाश्ते की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति के अनुसार कुछ दिनों तक भर्ती रखा जाता है और स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी जाती है। सर्जन की नियुक्ति के बाद अब तक 16 जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं।

मरीजों को मिला लाभ

भाटापारा निवासी 45 वर्षीय अनिता, जिनका सेलुलाइटिस का उपचार हुआ, उनके परिजनों ने बताया कि उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। यहां सफल ऑपरेशन किया गया और आयुष्मान कार्ड का लाभ मिला। लगभग एक सप्ताह भर्ती रहने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई और अब उनकी स्थिति बेहतर है।

नए सर्जन की पदस्थापना से जिला अस्पताल की सर्जिकल क्षमता में वृद्धि हुई है, जिससे अब स्थानीय मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। यह पहल क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button