गुंजन स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

5सक्ती। पुलिस अधीक्षक Prafull Kumar Thakur (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Pankaj Patel एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी Bhuvaneshwari Painkara के मार्गदर्शन में जिला पुलिस सक्ती द्वारा साइबर जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत गुंजन स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकगण एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों को वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, ओटीपी ठगी, केवाईसी अपडेट के नाम पर लिंक भेजकर, लॉटरी या इनाम का लालच देकर, सोशल मीडिया हैकिंग तथा शेयर ट्रेडिंग/टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को ठगने का प्रयास करते हैं।
इन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर किया गया जागरूक
- किसी भी व्यक्ति को ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
- अंजान व्यक्ति के साथ अपनी फोटो या निजी जानकारी साझा न करें।
- किसी भी प्रकार के लालच या “फ्री ऑफर” के झांसे में न आएं।
- केवल अधिकृत प्ले स्टोर से ही ऐप एवं गेम डाउनलोड करें।
- अंजान लिंक पर क्लिक न करें, इससे मोबाइल हैक हो सकता है।
- टेलीग्राम, ऑनलाइन निवेश या शेयर ट्रेडिंग के नाम पर आने वाले प्रस्तावों से सतर्क रहें।
- सोशल मीडिया अकाउंट को प्राइवेट रखें और अंजान व्यक्तियों को फॉलो न करें।
- आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
- “डिजिटल अरेस्ट” जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं होती, ऐसे कॉल से सावधान रहें।
- अंजान मोबाइल नंबर से आए वीडियो कॉल का उत्तर न दें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, संस्था संचालक और शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने साइबर जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए विद्यार्थियों और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की।
जिला पुलिस सक्ती द्वारा साइबर जन-जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। बच्चों को जागरूकता का प्रथम वाहक मानते हुए समाज में साइबर सुरक्षा का संदेश प्रसारित किया जा रहा है।






